स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों और सुरक्षा को लेकर पुलिस उपायुक्त ने की बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों व सुरक्षा को लेकर पुलिस उपायुक्त (यातायात) प्रतीक गहलोत ने ट्रैफिक टावर स्थित कार्यालय में बैठक ली। 12, 13, 14 व 15 अगस्त को दिल्ली में जाने वाले भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्ट रहेगा। मंगलवार को आयोजित हुई बैठक में एसीपी (यातायात मुख्यालय/हाईवे) सत्यपाल यादव, एसीपी (पूर्व) इंद्रजीत, एसीपी (पश्चिम) संजय और सभी यातायात निरीक्षक मौजूद रहे। डीसीपी ने बैठक में मौजूद सभी पुलिस अधिकारियों व निरीक्षकों को स्वतंत्रता दिवस की ड्यूटियों के दौरान यातायात का सुचारू संचालन कराने के बारे में दिशा-निर्देश भी दिए।
स्वतंत्रता दिवस पर राजधानी में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के दौरान भारी मालवाहक वाहनों का दिल्ली सीमा में प्रवेश नहीं होगा। भारी मालवाहक वाहनों काे दिल्ली-जयपुर हाईवे (एनएच-48), द्वारका एक्सप्रेसवे, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे सहित अन्य सड़क मार्गों से दिल्ली में प्रवेश पूर्णतया वर्जित रहेगा। वहीं, गुरुग्राम से अन्य जिलों पलवल, नूंह, फरीदाबाद, झज्जर, रेवाड़ी सहित राजस्थान की ओर जाने वाले वाहनों पर किसी भी प्रकार का कोई प्रतिबंध नहीं रहेगा।
भारी वाहनों के लिए प्रतिबंध का समय
भारी मालवाहक वाहनों का 12 अगस्त की शाम 5 बजे से 13 अगस्त की दोपहर 1.30 बजे तक प्रतिबंध रहेगा। वहीं, 14 अगस्त 14 की शाम 5 बजे से 15 अगस्त की दोपहर 1.30 बजे तक दिल्ली की सीमा में प्रवेश वर्जित रहेगा। केवल आवश्यक सामग्री वाले वाहन जैसे दूध, फल, सब्जी, एंबूलेंस, फायर ब्रिगेड आदि वाहनों का दिल्ली की ओर जाते समय कोई प्रतिबंध नहीं होगा। वहीं, एयरपोर्ट पर जाने वाले यात्री वाहनों का दिल्ली-जयपुर हाईवे से दिल्ली की ओर जाते समय कोई प्रतिबंध नहीं होगा। इसके अलावा एयरपोर्ट जाने वाले यात्री अपने वाहनों से द्वारका एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करके जा सकते हैं।
स्वतंत्रता दिवस पर दिल्ली में कार्यक्रमों व सुरक्षा के मुद्देनजर भारी वाहनों काे निर्धारित समय के लिए प्रतिबंध किया गया है। इस दौरान ट्रक यूनियन सहित चालकों तक भी जानकारी पहुंचाई जा रही है।
-
सत्यपाल यादव, एसीपी (यातायात मुख्यालय/हाईवे), गुरुग्राम