गुरुग्राम। शहर के उद्यमियों ने बिजली मंत्री चौधरी रणजीत सिंह से मिलकर सेक्टर 37 के औद्योगिक क्षेत्र में पावर सब स्टेशन लगाने की मांग की है। साथ ही अंडरग्राउंड वायरिंग के काम को भी जल्द पूरा करवाने का अनुरोध किया। फेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री की ओर से शनिवार को लोक निर्माण विभाग के सिविल लाइन स्थित विश्राम गृह में बिजली मंत्री से मिलने पहुंचे प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें एक मांग पत्र सौंपा।
फेडरेशन प्रदेश महासचिव दीपक मैनी ने बताया कि इससे पहले 12 अप्रैल को भी इस मसले पर बिजली मंत्री से बात कर चुके हैं और उन्हें ज्ञापन दे चुके हैं। उन्होंने बताया कि सब स्टेशन के कार्य के लिए डीएचबीवीएन की तरफ से कुछ गतिविधियां शुरू की गई हैं और डीएचबीवीएन के कुछ अधिकारी जगह पर विजिट भी कर चुके हैं। प्रतिनिधिमंडल ने बिजली मंत्री को बताया कि गुरुग्राम और आसपास के औद्योगिक क्षेत्रों में मेंटेनेंस के नाम पर उद्योगों को कई कई घंटे का पावरकट झेलना पड़ता है। कुछ क्षेत्रों में बिजली की लाइनें बहुत पुरानी हो चुकी हैं। उद्यमियों ने इन लाइनों को ठीक करने तथा अंडरग्राउंड वायरिंग के काम को भी जल्द पूरा करवाने का अनुरोध किया।
बिजली मंत्री उद्योगपतियों की सभी समस्याओं को जल्द से जल्द दूर करने और सेक्टर-37 में नया सब स्टेशन लगाने की गतिविधियों में में तेजी लाने का आश्वासन दिया। फेडरेशन की तरफ से चैप्टर सेक्टर-37 गुरुग्राम के प्रधान पीके गुप्ता, महासचिव एसपी अग्रवाल, उप प्रधान रवीन जैन, जे पी सिंह और वरिष्ठ अधिवक्ता हरकेश शर्मा मौजूद रहे।