संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर नूंह जिला पुलिस लाइन स्थित परेड ग्राउंड में ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व मंत्री संजय सिंह ने की, उन्होंने एकता दौड़ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। दौड़ में छात्र-छात्राओं, युवाओं, सामाजिक संगठनों और विभिन्न वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और देश की एकता, अखंडता एवं सद्भावना को बनाए रखने का संकल्प लिया।
संजय सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि सरदार पटेल ने स्वतंत्रता के बाद देश की 562 रियासतों का एकीकरण कर आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखी। उनका अदम्य साहस, दूरदर्शिता और राष्ट्रभक्ति आज भी हर भारतीय के लिए प्रेरणा का स्रोत है। हरियाणा वक्फ बोर्ड के प्रशासक जाकिर हुसैन ने कहा कि इस 150वीं जयंती पर राष्ट्र की एकता के संकल्प के साथ एकत्र हुए हैं। उन्होंने नागरिकों से आह्वान किया कि इस दौड़ को केवल एक कार्यक्रम के रूप में न लें, बल्कि इसे एकता, समरसता और राष्ट्र सेवा का संदेश मानकर जीवन में अपनाएं।
इस अवसर पर उपायुक्त अखिल पिलानीे, पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार, अतिरिक्त उपायुक्त प्रदीप सिंह मलिक, एसडीएम नूंह अंकिता पुवार, जिला परिषद अध्यक्ष जान मोहम्मद, भाजपा जिला अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह, जिला खेल अधिकारी मनोज शर्मा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
रन फॉर यूनिटी में उत्साहपूर्वक भाग लेते छात्र एवं युवा