40 लाख रुपये की लागत से बनकर होगा तैयार, प्रपोजल भेजने की तैयारी
सौम्या गुप्ता
गुरुग्राम। मिलेनियम सिटी में लोगों को प्रकृति के करीब लाने के लिए एक खास पहल की जा रही है। वन विभाग की ओर से सुल्तानपुर नेशनल पार्क में इको हार्ट स्टे विकसित करने की योजना बनाई गई है।
इस परियोजना के लिए प्रस्ताव भेजने की तैयारी की जा रही है, जिसे मंजूरी मिलने के बाद अंतिम रूप दिया जाएगा। करीब 40 लाख रुपये की लागत से तैयार होने वाले इस इको स्टे का उद्देश्य लोगों को जंगल जैसा अनुभव देना और उन्हें हरियाणा के प्राकृतिक संसाधनों के बारे में जागरूक करना है। यह पहल खासतौर पर शहर में रहने वाले लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र होगी, जो बिना लंबी यात्रा किए प्राकृतिक माहौल का आनंद लेना चाहते हैं। यहां पर्यटकों को जंगल लाइफ के साथ-साथ वन्य जीव, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय जैव विविधता की जानकारी भी दी जाएगी। इससे इको-टूरिज्म को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
ओपन किचन की व्यवस्था
सुल्तानपुर नेशनल पार्क में प्रस्तावित इको हार्ट स्टे के तहत पर्यटकों के लिए विशेष भोजन व्यवस्था की योजना है। यहां मेस के साथ ओपन किचन बनाया जाएगा, जहां टूरिस्ट अपनी पसंद का खाना खुद तैयार कर सकेंगे। इसके अलावा मेस में हरियाणा के पारंपरिक व्यंजन भी परोसे जाएंगे, जिससे पर्यटकों को स्थानीय स्वाद का अनुभव मिलेगा। यह पहल पर्यटन के साथ सांस्कृतिक जुड़ाव को भी बढ़ावा देगी।
30 से 35 लोगों के ठहरने की होगी सुविधा
सुल्तानपुर नेशनल पार्क में विकसित हो रहा इको हार्ट स्टे युवाओं के लिए प्रेरणादायक साबित होगा। यहां उन्हें प्रकृति के बीच रहकर पर्यावरण संरक्षण, जैव विविधता और वन्य जीवन के महत्व को समझने का अवसर मिलेगा, जो उनके ज्ञान और अनुभव को समृद्ध करेगा। खासतौर पर स्कूली और कॉलेज के 30 से 35 छात्र-छात्राओं के ठहरने की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही इस स्थान को पिकनिक स्पॉट के रूप में विकसित करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
वर्जन
सुल्तानपुर नेशनल पार्क में जंगल लाइफ अनुभव के लिए इको हार्ट स्टे का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। यहां 30 से 35 लोगों के ठहरने की व्यवस्था होगी। साथ ही ओपन किचन की सुविधा मिलेगी, जहां पर्यटक अपनी पसंद का भोजन स्वयं बना सकेंगे। यह पहल इको-टूरिज्म को बढ़ावा देगी। -
राज कुमार जागंड़ा, वन्यजीव संरक्षण अधिकारी