नूंह। दिल्ली-अलवर नेशनल हाईवे नंबर 248ए के साथ नूंह जिले के शहरों में बनाया गया सर्विस रोड लोगों के लिए सहूलियत की जगह फजीहत बन रहा है। एनएचएआई के इस ओर ध्यान न देने के कारण नूंह, नगीना व फिरोजपुर झिरका में सर्विस रोड पर अतिक्रमण हो गया है। अतिक्रमण के कारण यहां आए दिन जाम की समस्या पैदा हो जाती है। वहीं, यहां गंदगी भी पसरी हुई है।
नूंह शहर में, नगीना कस्बा व फिरोजपुर झिरका उपमंडल हाईवे के ऊपर बसा हुआ है। यहां लोगों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो और हाईवे बाधित न हो इसके लिए एनएचएआई ने दोनों तरफ कई-कई किलोमीटर लंबे सर्विस रोड बनाए हुए हैं।
ये सर्विस रोड बनाने के कुछ दिन बाद ही घटिया सामग्री का इस्तेमाल किए जाने के कारण टूट गए। अब यहां कई जगह गंदगी व अतिक्रमण है।
क्या कहते हैं लोग :
सतपाल सिंगला, अब्दुल हई, खलील अहमद एडवोकेट, राजू पार्षद, सद्दाम आदि का कहना है कि सर्विस रोड से लोग परेशान हैं, ये सहूलियत की जगह आफत बने हुए हैं। सतपाल का कहना है कि उन्होंने इन्हें ठीक कराने के लिए सीएम विंडों में भी शिकायत की थी। जिसके बाद इन्हें बना तो दिया लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाया गया। वहीं, सर्विस रोड पर मैकेनिकों ने अपनी वर्कशाॅप बना ली हैं।
अतिक्रमण को हटाने के लिए समय-समय पर अभियान चलाया जाता है, जल्द कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटवाया जाएगा। साथ ही जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी। -अश्विनी कुमार, एसडीएम नूंह