अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। दिल्ली-वडोदरा एक्सप्रेसवे का रखरखाव करने वाली एप्को इन्फ्राटेक प्राइवेट लिमिटेड कंपनी के कैंप में चोरी करने की नियत से घुसे 10-15 लोगों ने मारपीट की। आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। इस हमले में तीन लोग घायल हो गए। हालांकि, सोहना थाना पुलिस ने अभी तक केस दर्ज नहीं किया और मामले की जांच कर रही है।
कंपनी एचआर हेड भूपेन्द्र पाठक ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सांचौली गांव में स्थित कैंप में सोमवार की रात करीब 9:30 बजे अचानक 10-15 लोग चोरी की नियत से कैंप में घुस गए। इनको भगाने के लिए उनकी तरफ दौड़े तो एक महिला समेत सभी ने रॉड, लाठी और डंडे से उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने सौरभ की छाती पर गैती मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। मैनेजर अजय विक्रम सिंह ने बताया कि अन्य कर्मचारी डरकर भागने को मजबूर हो रहे हैं। वहीं, पुलिस ने इस मामले में अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की।