गुरुग्राम में मारुति कुंज इलाके में स्थित एक अस्पताल के कर्मचारियों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। अस्पताल संचालक की शिकायत के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। भोंडसी की डिफेंस कॉलोनी के रहने वाले सुनील तंवर ने मारुति कुंज पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रिठौज गांव में मुख्य रोड पर उनका जीवन नाम से एक अस्पताल है।
अस्पताल में करीब 12-14 की संख्या में कर्मचारी काम करते हैं। बीती 4 अक्तूबर की रात करीब 11:45 बजे मनीष और संदीप नामक दो युवक आए और उन्होंने कर्मचारी रामनरेश से दवाएं मांगी। दवा देकर रामनरेश ने उनसे 220 रुपये मांगे तो आरोपी पैसे देने से इनकार करते हुए विवाद पर उतारू हो गये। दोनों ने कर्मचारी रामनरेश पर हमला कर दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। हालांकि, पुलिस के आने से पहले ही आरोपी फरार हो गए।