गुरुग्राम नगर निगम में नौकरी करता था 28 वर्षीय संदीप
राजीव नगर धक्का बस्ती में दिया वारदात को अंजाम, दो युवक गिरफ्तार
दोस्त मोनू, विशाल उर्फ पोंगा व एक अन्य घर से बुलाकर ले गए थे संदीप को
संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। शहर के राजीव नगर धक्का बस्ती में शुक्रवार रात को मामूली विवाद के बाद एक युवक ने कांच की बोतल तोड़कर दूसरे युवक की गर्दन पर हमला कर दिया। साथ ही टूटी बोतल से गला रेतकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। युवक ने कुछ देर बाद दम तोड़ दिया। युवक गुरुग्राम नगर निगम में कर्मचारी था। थाना मॉडल टाउन पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने हत्या के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी संदीप के दोस्त बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार नगर परिषद सफाई कर्मचारी संघ के प्रधान महेंद्र का बेटा 28 वर्षीय संदीप गुरुग्राम नगर निगम में नौकरी करता था। रात को उसके दोस्त मोनू, विशाल उर्फ पोंगा व एक अन्य उसके मकान पर टेंपो लेकर आए। संदीप अपने पिता से रुपये लेकर उनके साथ टेंपो में बैठकर धक्का बस्ती चला गया। इसके बाद संदीप के बड़े भाई सोनू को दीपक नाम के युवक ने फोन पर बताया कि उसका भाई संदीप खून से लथपथ सड़क पर पड़ा हुआ है। फोन आने के बाद सोनू तुरंत मौके पर पहुंचा। वह अपने भाई को उठाकर ट्रामा सेंटर ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद मॉडल टाउन थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज करने के बाद मोनू और पोंगा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
हत्या के असली कारणों का खुलासा नहीं
हत्या के सभी आरोपी मृतक संदीप के दोस्त बताए जा रहे हैं। यही कारण था कि उनके बुलाने पर संदीप रात में भी उनके साथ धक्का बस्ती चला गया था, जहां दोस्तों ने शराब भी पी थी। हालांकि हत्या का असली कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस ने दो आरोपियों को काबू कर लिया है।
वर्जन
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। मुकदमा दर्ज करने के बाद दो आरोपियों को काबू कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
-संजय कुमार, एसएचओ माडल टाउन