गुरुग्राम। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के निर्देश पर दिल्ली-गुड़गांव एक्सप्रेसवे के रखरखाव (ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस) का कार्य तेजी से चल रहा है। एक्सप्रेसवे से प्रतिदिन तीन लाख से अधिक पैसेंजर कार यूनिट (पीसीयू) गुजरती हैं। एनएचएआई के अनुसार, पिछले छह महीनों में एक्सप्रेसवे पर सड़क सुरक्षा और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। वर्तमान ऑपरेशन एवं मेंटेनेंस ठेकेदार द्वारा सड़क मरम्मत, गड्ढों की भराई, लेन मार्किंग, रिफ्लेक्टिव रोड स्टड, साइन बोर्ड, क्रैश बैरियर और हाइट बैरियर लगाने के साथ ही क्षतिग्रस्त सुरक्षा उपकरणों को बदलने का कार्य तेजी से किया जा रहा है। भारी यातायात को देखते हुए अधिकांश कार्य रात के समय या कम ट्रैफिक अवधि में किए जा रहे हैं। मानसून की तैयारियों के तहत ड्रेनों, कलवर्ट, चैंबर, इनलेट और आउटलेट की व्यापक सफाई व डी-सिल्टिंग की जा रही है। जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए जरूरत वाले स्थानों पर अतिरिक्त इनलेट बनाए गए हैं। ब्यूरो