बैठक में निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने अनौपचारिक सफाई कर्मियों के एकीकरण को लेकर दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम ने डोर-टू-डोर ठोस कचरा संग्रहण व्यवस्था को अधिक व्यवस्थित बनाने की तैयारियां तेज कर दी हैं। निगमायुक्त प्रदीप दहिया की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें दोनों प्रशासनिक क्लस्टरों में नए कंसेशनरों के कार्यभार संभालने से पहले की तैयारियों की समीक्षा की गई। संबंधित टीमों को आवश्यक कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में कचरा संग्रहण व्यवस्था के प्रभावी संचालन के लिए कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। इनमें अद्यतन डेटा तैयार करना, ट्रांसफर स्टेशनों की व्यवस्था, स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) और अनौपचारिक सफाई कर्मियों का एकीकरण शामिल था। इसके अतिरिक्त, कचरा संग्रहण वाहनों के लिए पार्किंग स्थलों की पहचान और तैयारी पर भी जोर दिया गया। निगम का उद्देश्य कंसेशनरों के कार्यभार संभालने के समय सभी आवश्यक व्यवस्थाएं तैयार रखना है। इससे शहर में कचरा संग्रहण प्रक्रिया को सुचारू और व्यवस्थित बनाया जा सकेगा।
पहली बार 854 वाहनों की होगी तैनाती
शहर में घरों से कूड़ा एकत्रित करने के लिए पहली बार 854 आधुनिक गाड़ियों का बेड़ा उतारा जाएगा। इससे उन रिहायशी सोसायटियों, कॉलोनियों और ग्रामीण इलाकों में भी प्रतिदिन गाड़ियां पहुंच सकेंगी जहां अब तक दो से तीन दिनों तक कचरा नहीं उठता था। वाहनों की संख्या दोगुनी से अधिक होने से सड़कों और खाली भूखंडों पर कचरा फेंकने की समस्या पर स्थायी रोक लगेगी। एजेंसियों को टेंडर आवंटन के तीन माह के भीतर पूरा ढांचा तैयार कर काम शुरू करना होगा।
घर -घर से कूड़ा उठाने वाली नई एजेंसी के लिए काम को तय किया जा रहा है। कूड़े की गाड़ी की पार्किंग से लेकर उसके गली में पहुंचने के समय और उसकी मॉनिटरिंग के लिए प्रारुप बनाया जा रहा है। नवंबर माह से नई एजेंसी काम शुरू करने की उम्मीद हैं। - प्रदीप दहिया, आयुक्त, नगर निगम गुरुग्राम