गुरुग्राम। डॉ. आंबेडकर मेधावी छात्र संशोधित योजना 2026-27 के तहत पात्र विद्यार्थियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। आखिरी तारीख 30 नवंबर है। सामाजिक न्याय, अधिकारिता, अनुसूचित जातियां एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण तथा अंत्योदय (सेवा) विभाग की ओर से संचालित इस योजना का लाभ अनुसूचित जाति, विमुक्त जाति, घुमंतु एवं अर्ध-घुमंतु जनजाति, टपरिवास समुदाय, पिछड़ा वर्ग और सामान्य वर्ग के पात्र विद्यार्थियों को मिलेगा।
सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि इसके लिए आवेदक का हरियाणा का स्थायी निवासी होना जरूरी है। इसके अलावा विद्यार्थी के परिवार की वार्षिक आय चार लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आवेदन प्रक्रिया 17 अगस्त से शुरू हो चुकी है। इच्छुक विद्यार्थी 30 नवंबर तक सरल हरियाणा पोर्टल (saralharyana.gov.in) पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि योजना की पात्रता, छात्रवृत्ति की दरों और अन्य दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध है।