कम राशन देने का खेल खत्म, निर्धारित मात्रा में मिलेगा, सील खुलने पर राशन डिपो पर होगी कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने जिले के सभी 219 राशन डिपो पर नए इलेक्ट्रॉनिक तराजू लगाने का निर्णय लिया है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य खाद्यान्न वितरण में होने वाली अनियमितताओं और कालाबाजारी पर रोक लगाना है, ताकि पात्र उपभोक्ताओं को उनका पूरा हक मिल सके।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, कई बार पारंपरिक तराजुओं के उपयोग से वजन में गड़बड़ी की शिकायतें सामने आती थीं। नए इलेक्ट्रॉनिक तराजू लगने से राशन की सही मात्रा का सटीक माप संभव होगा और वितरण प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनेगी। इससे खाद्यान्न सामग्री के वजन में किसी प्रकार की कमी की संभावना भी कम हो जाएगी। सील खुलने पर राशन डिपो चालक पर कार्रवाई होगी। नए तराजू को ब्लूटुथ से जोड़ा जाएगा।
इलेक्ट्रॉनिक तराजू आधुनिक तकनीक से लैस होंगे, जिससे माप में त्रुटि की गुंजाइश न्यूनतम रहेगी। इसके साथ ही उपभोक्ता भी वितरण के समय स्वयं वजन की पुष्टि कर सकेंगे। इससे डिपो संचालकों की जवाबदेही बढ़ेगी और शिकायतों में कमी आने की उम्मीद है। परिवारों को निर्धारित मात्रा में राशन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
-
जिले के 216 राशन डिपो पर नए इलेक्ट्रॉनिक तराजू लगाए जाएंगे। इससे खाद्यान्न वितरण में पारदर्शिता बढ़ेगी, सही वजन सुनिश्चित होगा और कालाबाजारी व अनियमितताओं पर अंकुश लगेगा। उपभोक्ताओं को निर्धारित मात्रा में राशन मिलने से व्यवस्था अधिक भरोसेमंद बनेगी। -केके गोयल, जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी, गुरुग्राम