मासिक बैठक में सरकार और निगम प्रबंधन के प्रति जताई नाराजगी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। हरियाणा बिजली पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन के गुरुग्राम यूनिट की मासिक बैठक शनिवार को महरौली रोड स्थित बिजली निगम के रेस्ट हाउस में संपन्न हुई। यूनिट प्रधान राजन शर्मा की उपस्थिति और दलवीर सिंह मोर की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में पेंशनरों की लंबित मांगों को लेकर हरियाणा सरकार और बिजली निगम प्रबंधन के प्रति नाराजगी व्यक्त की गई। यूनिट प्रधान राजन शर्मा ने कहा कि बढ़ती उम्र में बेहतर चिकित्सा सुविधाओं की आवश्यकता को देखते हुए कैशलेस मेडिकल सुविधा शीघ्र लागू की जानी चाहिए।
सचिव बनवारीलाल शर्मा ने प्रमुख मांगों को रखते हुए कहा कि सरकार पिछले तीन वर्षों से कैशलेस चिकित्सा सुविधा की घोषणा और प्रचार कर रही है, लेकिन दुर्भाग्यवश इसका वास्तविक लाभ अभी तक पेंशनरों को नहीं मिल पाया है। उम्र के इस पड़ाव पर पेंशनरों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा की सबसे अधिक आवश्यकता है।
बैठक का शुभारंभ इस माह दिवंगत हुए बिजली पेंशनर परिवार के सदस्यों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुआ। बैठक में पूर्व डायरेक्टर एमबी. वशिष्ठ, वीबी. चौधरी, पूर्व चीफ इंजीनियर संजीव चोपड़ा, एके सिंघल, केजी. यादव, पूर्व एसई. दलजीत सिंह, डॉ. अश्विनी कुमार कालरा, मनोहर लाल यादव, दलवीर मोर, चंद्रपाल शर्मा आदि ने अपने विचार रखे। इस मौके पर 35 पेंशनरों को पेंशन रत्न सम्मान से सम्मानित किया गया।