मोहम्मदपुर अहिर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की
संवाद न्यूज एजेंसी
तावडू। उपमंडल के गांव कलवाड़ी के पास केएमपी रोड पर अज्ञात चोरों द्वारा बिजली की करीब तीन किलोमीटर से अधिक एसीएसआर कंडक्टर लाइन चोरी होने का मामला सामने आया है। इस चोरी से बिजली निगम को 8,39,978 रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। मोहम्मदपुर अहिर थाना पुलिस ने अज्ञात के विरुद्ध केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तावड़ू बिजली निगम के उपमंडल अधिकारी ब्रह्म प्रकाश ने बताया कि 9 सितंबर को जूनियर इंजीनियर ललित बलदा को किसानों से सूचना मिली थी कि केएमपी रोड के पास बिजली लाइन चोरी हो गई है। इसके बाद जेई ने मौके का निरीक्षण किया और चोरी की पुष्टि की। इस घटना की सूचना तुरंत आपातकालीन नंबर 112 पर भी दी गई थी। निरीक्षण के बाद मोहम्मदपुर अहीर थाने में 15 सितंबर को पत्र के माध्यम से केस दर्ज करने का अनुरोध किया।
पुलिस ने निगम की शिकायत पर 29 सितंबर को मुकदमा दर्ज कर लिया। बिजली निगम के अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की चोरी के मामले पहले भी जिले में सामने आ चुके हैं, लेकिन अधिकांश मामलों में चोरों का पता लगाने में पुलिस को सफलता नहीं मिली है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की है।