बार-बार लगने वाले बिजली कट से थे परेशान, आरोप-शिकायत के बाद भी नहीं की सुनवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। गर्मी के बीच लगातार हो रही बिजली कटौती से परेशान मानेसर गांव के लोगों का गुस्सा बृहस्पतिवार को फूट पड़ा। महिलाओं समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण बिजली निगम कार्यालय पहुंचे और जेई हरकेश व विभाग के अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जताई। ग्रामीणों का कहना था कि पिछले कई दिन से गांव में बार-बार और कई घंटों तक बिजली काटी जा रही है। गर्मी के मौसम में बिजली नहीं होने से लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ रही है। रात के समय बिजली कटने से लोगों की नींद भी प्रभावित हो रही है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। उनका कहना था कि क्षेत्र के जेई की लापरवाही के कारण बिजली आपूर्ति सही तरीके से नहीं हो रही है। इसी वजह से लोग बिजली बोर्ड कार्यालय पहुंचकर अपनी नाराजगी जताने को मजबूर हुए।
प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने एसडीओ से मुलाकात कर अपनी शिकायत रखी और संबंधित जेई के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। लोगों ने कहा कि जब तक बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं होगा, तब तक उनकी परेशानी कम नहीं होगी। शिकायत के बाद विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए जेई हरकेश का तबादला कर दिया। इसके बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ। ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि अब गांव में बिजली व्यवस्था बेहतर होगी और गर्मी के दिनों में लोगों को बार-बार बिजली कटौती की समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा। वहीं अधिकारियों ने भी बिजली आपूर्ति को सुचारु रखने का भरोसा दिया है।
यह मामला हमारे संज्ञान में आया है। ग्रामीणों की शिकायतों और कार्य में लापरवाही के चलते संबंधित जेई का तबादला कर दिया गया है। अधिकारियों ने साफ किया है कि भविष्य में यदि कोई भी कर्मचारी या अधिकारी लापरवाही बरतता पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। -प्रदीप सैनी, एसडीओ, बिजली विभाग