- तारों में उलझे बाइक सवार, बिजली आपूर्ति बाधित होने से ग्रामीण परेशान
मानेसर। कांकरौला गांव में मंगलवार को बारिश के बाद बिजली का खंभा अचानक गिर गया। हादसे के समय गली से बाइक पर दो लोग गुजर रहे थे। खंभा गिरता देख दोनों ने तुरंत बाइक आगे निकाल ली, जिससे वे बाल-बाल बच गए। हालांकि, दोनों बिजली के तारों में उलझ गए, लेकिन उन्हें गंभीर चोट नहीं आई। खंभा गिरने से गांव की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इससे ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना के बाद आसपास के लोगों में भी डर का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि यदि बाइक सवार कुछ सेकंड और वहां रुक जाते तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने बिजली विभाग से जल्द खंभा हटाकर आपूर्ति बहाल करने और इलाके में लगे कमजोर खंभों की जांच कराने की मांग की है। संवाद