- संसाधनों की कमी, स्टाफ असंतुलन और अधिकारियों की उदासीनता से नाराज़ यूनियन ने जताई नाराजगी
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। ऑल हरियाणा पॉवर कॉरपोरेशन वर्कर्स यूनियन के आह्वान पर सब डिवीजन होडल के बिजली कर्मचारियों ने सोमवार को धरना प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सब यूनिट प्रधान लखमीचंद रावत ने की, जबकि संचालन उप प्रधान राजबीर रावत ने किया। धरने में यूनियन के यूनिट प्रधान नरेन्द्र सौरोत ने कहा कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए उपमंडल अधिकारी को पहले ही मांग पत्र सौंपा गया था, लेकिन लंबे समय के बावजूद उस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे कर्मचारी नाराज़ हैं और मजबूरीवश धरने का रास्ता अपनाना पड़ा है।
संसाधनों की भारी कमी
कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि उन्हें रोज़मर्रा के काम के लिए जरूरी सामान जैसे पिलायर, पेचकस, दस्ताने, रेनकोट और तार जोड़ने की सामग्री तक उपलब्ध नहीं कराई जा रही। कार्यालयों में भी सीसीटीवी कैमरे, केबिन और मेज-कुर्सियों जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। इसके अलावा 11 केवी लाइनों की क्रॉसिंग भी समय पर ठीक नहीं की जा रही, जिससे गंभीर खतरे बने रहते हैं।
स्टाफ असंतुलन और पक्षपात का आरोप
यूनियन नेताओं ने यह भी कहा कि विभाग में स्टाफ असंतुलन बना हुआ है। जहां काम कम है, वहां अधिक कर्मचारी लगाए गए हैं, जबकि जहां ज्यादा काम है वहां कर्मचारियों की भारी कमी है। उन्होंने आरोप लगाया कि अधिकारियों ने अपने चहेते कर्मचारियों को मलाईदार पदों पर तैनात किया हुआ है, जबकि आम कर्मचारियों की समस्याओं की ओर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा।
उपभोक्ताओं पर भी असर
कर्मचारियों ने कहा कि विभागीय अव्यवस्था और संसाधनों की कमी का असर उपभोक्ताओं पर भी पड़ रहा है। बिजली मीटर, ट्रांसफार्मर, केबल और खंभे तक समय पर उपलब्ध नहीं हो रहे, जिससे उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ती है। धरने में बड़ी संख्या में कर्मचारी शामिल हुए। इनमें नरेश महलावत, पवन कुमार, महिपाल, भगत सिंह, भगवान सिंह, अशोक, टेकचंद, प्रदीप सैनी, मोहन, प्रेम, सोहन सिंह, लखन, महावीर, बहादुर, रजत सहित दर्जनों कर्मचारी मौजूद रहे।