संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। मंगलवार दोपहर हुई बारिश से शहर की कई सड़कों पर चलना राहगीरों के लिए मुसीबत बन गया। गुरुग्राम में सिर्फ 8 मिमी बारिश हुई। बारिश के बाद दिल्ली जयपुर हाईवे की सर्विस लेन में नर्सिंगपुर और खाड़सा में जलभराव हो गया। इससे शाम तक हाईवे पर जाम की स्थिति रही। वाहन सवारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सर्विस लेन से वाहन सवारों को निकलने पर में परेशानी हुई। हालांकि, पंप की मदद से जलनिकासी होने के बाद स्थिति सामान्य हो गई।
नगर निगम द्वारा नाला सफाई में घोर लापरवाही की गई है। जिससे बारिश होते ही सीवर लाइनें उफनाने लगते हैं। सड़कों पर जलभराव हो जाता है। दिल्ली जयपुर हाईवे में शहर के निकास व प्रवेश प्वाइंटों पर वाहन फंसे हुए दिखे गए। राजीव चौक से दिल्ली की ओर जाने वाली लेन पर वाहन रेेंगते नजर आए। शहर में भी कुछ स्थानों पर जलभराव के कारण कार व दो पहिया वाहन सवारों को परेशानी हुई।
शाम को कार्यालय से घर वापस जाने वाले लोग जाम में फंस गए। हीरो होंडा चौक, सुभाष चौक, खांडसा रोड, सोहना रोड, बसई रोड समेत अन्य स्थानों पर वाहन रेंगते रहे। इसके अलावा शिवाजी नगर, शांतिनगर, न्यू कॉलोनी, सेक्टर-4, सेक्टर-15 पार्ट-2, लघु सचिवालय, बस स्टैंड, नागरिक अस्पताल परिसर समेत नए व पुराने गुरुग्राम के कई इलाकों में जलभराव हो गया।
सोहना में सबसे अधिक 15.0 एमएम वर्षा
मौसम विभाग के अनुसार शहर के सोहना में सबसे अधिक 15.0 एमएम वर्षा दर्ज की गई, जबकि सबसे कम मानेसर व बादशाहपुर में 2-2 मिमी हुई। कादीपुर व हरसौल में 7-7 मिमी बारिश दर्ज हुई। वहीं, वजीराबाद और पटौदी में 5-5 मिमी बारिश दर्ज की गई है। बारिश के बाद मौसम में ठंडक रही। एक सितंबर तक जिले में बारिश होने का अनुमान है। बुधवार को भाी बारिश होने की संभावना है।