अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। साइबर क्राइम वेस्ट थाना क्षेत्र में जालसाजों ने युवक को मनी लॉड्रिंग का भय दिखाकर 87 हजार 670 रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी।
पुलिस को दी शिकायत में सेक्टर-36 में रहने वाले अजीत कुमार ने कहा कि उसके पास बीती 16 अगस्त को एक कॉल आई। इसमें फोन करने वाले ने खुद को बैंककर्मी बताया। तथाकथित बैंक कर्मी ने अजीत से कहा कि उसने क्रेडिट कार्ड से रुपये निकाले हैं और उस पर ब्याज काफी ज्यादा हो गया है। अजीत ने जब कहा कि उसने कोई रुपये नहीं निकाले तो अजीत को कार्रवाई किए जाने की धमकी दी गई। वहीं, क्राइम ब्रांच का नाम लेकर कॉल ट्रांसफर कर दी गई।
इसमें क्राइम ब्रांच अधिकारी बने युवक ने अजीत को धमकाया और उससे कहा गया कि उसका आधार कार्ड का मनी लॉंड्रिंग में उपयोग हुआ है। अजीत डर गया तो उससे कुछ डिटेल मांगी गई। वहीं अजीत से कहा गया कि उसने अब तक जो भी ट्रांजेक्शन की हैं उनकी वेरिफिकेशन होगी। जिसके चलते उन्होंने अजीत से दो बार में 87 हजार 670 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। वहीं अजीत से कहा गया कि चेक करने के बाद ये रुपये उसे वापस कर दिए जाएंगे। जब उन्होंने दोबारा रुपये मांगे तो अजीत को समझ आ गया कि उसके साथ ठगी हो गई है। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।