चालकों को वाहन की रफ्तार 40 प्रति घंटे ही रखनी होगी, रफ्तार होने पर बन सकती है जाम की स्थिति
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शहरवासियों को जाम से राहत दिलाने के लिए यातायात पुलिस की तरफ से आठ ग्रीन जोन बनाए गए हैं। इन ग्रीन जोन पर वाहन चालक बिना रेड लाइट के निकल सकेंगे। इसमें वाहन चालकों को ध्यान रखना होगा कि वह अपने वाहन की रफ्तार 40 प्रति घंटे ही रखें। अगर वह वाहन की गति को तेज रखते हैं तो ग्रीन जोन के आखरी में जाम की स्थिति बन सकती है। इस स्थिति से निपटने के लिए यातायात पुलिसकर्मी पहले से ही तैनात होंगे।
पुलिस उपायुक्त यातायात डॉ. राजेश मोहन ने बताया कि इस कदम से उम्मीद है कि वाहन चालकों को कुछ सड़कों पर जाम से राहत मिलेगी। स्मार्ट सिग्नल से बनाए गए ग्रीन कॉरिडोर से समानांतर 40 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से वाहन चलते हैं तो उन्हें सारी लाइट ग्रीन ही मिलेंगी।
शुक्रवार को पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा के साथ पुलिस आयुक्त कार्यालय में ट्रैफिक एंड रोड सेफ्टी को लेकर एक मीटिंग भी हुई थी। मीटिंग में शहर में ई-रिक्शा के लिए निर्धारित किए गए क्षेत्र पर रोड साइन लगाने के बारे में आरटीए विभाग को निर्देश दिए गए हैं। बिना नंबर प्लेट व ब्लैक फिल्म लगाने वाले वाहनों पर अधिक सख्ती बरती जाएगी।
दोपहिया वाहन पर डिलीवरी करने वाले चालकों के अधिकारियों से संपर्क किया जाएगा और सभी चालकों को यातायात नियमों के बारे में जागरूक किया जाएगा। जिन स्कूलों के आसपास वाहनों का दबाव है उनके संचालकों को ट्रैफिक मार्शल लगाने का सुझाव दिया गया है। संजया एप के द्वारा ब्लैक स्पॉट की जानकारी एकत्रित करके उनको खत्म करने के साथ ही इसके बारे में जागरूक करने का काम किया जाएगा।
इफ्को चौक पर बनेगा प्रीपेड ऑटो बूथ
यातायात पुलिस की तरफ से इफ्को चौक पर प्रीपेड ऑटो बूथ बनाया जाएगा। बूथ पर यात्री अपनी बस, ऑटो या अन्य वाहन के आने तक इंतजार कर सकेंगे। इस दौरान वहां पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी तैनात रहेंगे।
इन सड़कों पर बनाया गए ग्रीन जोन कॉरिडोर
बख्तावर चौक से कन्हाई टी प्वाइंट तक : छह रेड लाइट
तिगरा कट से एसपीआर सेक्टर-70 : सात रेड लाइट
वजीराबाद से हांगकांग बाजार : चार रेड लाइट
इफ्को चौक से जेड चौक तक : चार रेड लाइट
कन्हाई गांव से गुड अर्थ मॉल तक : छह रेड लाइट
पारस ट्रिनिटी से रामगढ़ चौक तक : तीन रेड लाइट
वर्ल्ड सपा सेक्टर-31 से जलवायु विहार तक : चार रेड लाइट
डीएलएफ फेज-पांच से आरडी सिटी कन्हाई चौक तक : तीन रेड लाइट