गुरुग्राम। जिले में कोरोना संक्रमण के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। जिला अस्पताल में रोजाना लगभग 300 मरीजों की कोरोना जांच की जा रही है। बीते दो दिनों में जांच रिपोर्ट में रोजाना 8 से 10 मरीज कोरोना पॉजिटिव पाए जा रहे हैं। बृहस्पतिवार को आठ नए मरीजों की पुष्टि हुई, जिससे जिले में कुल सक्रिय मरीजों की संख्या 27 हो गई है। स्वास्थ्य बुलेटिन के अनुसार, आठ मरीजों में से किसी की भी कोई ट्रैवल हिस्ट्री नहीं है। सभी मरीजों काे होम आइसोलेट कर इलाज दिया जा रहा है।
अब तक जिले में कुल 176 कोरोना मरीजों की पुष्टि की गई है। हालांकि राहत की बात यह है कि वर्तमान में जिला अस्पताल में कोई भी कोरोना मरीज भर्ती नहीं है। स्वास्थ्य विभाग के ताजा बुलेटिन के अनुसार, अब तक जिले में कोरोना संक्रमण से एक भी मौत दर्ज नहीं की गई है। खासतौर से विदेश से आने वाले लोगों की निगरानी के लिए कहा जा रहा है। हल्का बुखार या खांसी होने पर तुरंत कोरोना जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही संक्रमित या संदिग्ध मरीजों को आइसोलेशन में रहने और भीड़भाड़ से बचने के लिए कहा गया है। संवाद