मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने दिया आश्वासन, पहले भी मुख्यमंत्री को लिख चुके हैं पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखनगर। केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह फर्रुखनगर को उपमंडल बनाने के लिए फिर से प्रयास करेंगे। वह पहले भी पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल और मुख्यमंत्री नायब सैनी को पत्र लिख चुके हैं। दिल्ली के साथ ही गुरुग्राम या पटौदी में एक कार्यालय खोला जाएगा। उनसे मिलने के लिए लोगों को दिल्ली नहीं जाना पड़ेगा।
गुरुग्राम जिले के पटौदी क्षेत्र में कार्यालय के लिए राव समर्थक जगह की तलाश में जुट गए हैं। केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह रविवार को फर्रुखनगर की बाला जी वाटिका में अपने समर्थक एवं नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन हरचंद सैनी की पौत्री कोमल सैनी के विवाह समारोह में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि वैसे तो दिल्ली दूर नहीं है लेकिन वे भी चाहते हैं कि गुरुग्राम या पटौदी में एक कार्यालय खोला जाए ताकि लोगों को अपनी मांग व समस्याओं के समाधान के लिए दिल्ली के चक्कर लगाने ना पड़े। उन्होंने कहा कि फर्रुखनगर, पटौदी क्षेत्र की जनता की समस्याओं के निदान के लिए पटौदी विधायक बिमला चौधरी फर्रुखनगर में अपना एक कार्यालय जल्द खोलने जा रही हैं।