छुट्टी की जानकारी नहीं होने के कारण कई स्कूलों में पहुंचे छोटे बच्चे
राजकीय मॉडल आईटीआई में हुए 37 दाखिले
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। नूंह में उपद्रव के कारण गुरुग्राम के जिला प्रशासन की ओर से एहतियात के तौर पर एक अगस्त को शैक्षिक संस्थानों को बंद रखने के आदेश जारी किए गए थे। उपायुक्त निशांत कुमार यादव के आदेशानुसार मंगलवार को सरकारी व निजी स्कूलों के साथ ही कॉलेज बंद रहे।
जिला प्रशासन की ओर से देर रात आदेश जारी किए जाने के कारण कई अभिभावकों को स्कूल बंद होने की जानकारी नहीं मिल सकी। ऐसे में कई सरकारी स्कूलों में छोटे बच्चे पढ़ाई करने पहुंचे। स्कूल के गेट पर ताला बंद होने और आसपास के लोगों द्वारा बच्चों को छुट्टी होने की बात कही गई। स्कूलों के शिक्षकों ने व्हाट्सएप ग्रुप में मंगलवार को छुट्टी होने का मैसेज भेज दिया था। कुछ अभिभावकों ने उक्त मैसेज को पढ़ा नहीं होगा।
जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सरोज दहिया ने बताया कि सभी स्कूल प्रभारियों व शिक्षकों को छुट्टी के बारे में मैसेज कर दिया गया था। किन्ही कारणों से कुछ अभिभावकों को स्कूलों में छुट्टी की जानकारी नहीं मिली होगी। ऐसे में उनके बच्चे सुबह स्कूल पहुंचे। लेकिन स्कूल बंद होने व छुट्टी का पता चलने के बाद वापस घर लौट गए।