पलवल। श्री विश्वकर्मा कौशल विश्वविद्यालय (एसवीएसयू) ने तकनीकी शिक्षा और शोध को नई दिशा देने की ओर एक महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। एसवीएसयू और राष्ट्रीय तकनीकी शिक्षक प्रशिक्षण एवं अनुसंधान संस्थान (एनआईटीटीटीआर) भोपाल के बीच बुधवार को एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) हुआ। इस साझेदारी का मुख्य फोकस सेमीकंडक्टर क्षेत्र है। जिसे लेकर भारत आने वाले समय में एक वैश्विक हब बनने की ओर अग्रसर है। विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर दिनेश कुमार ने कहा कि सेमीकंडक्टर उद्योग के लिए बड़े पैमाने पर कुशल और प्रशिक्षित मानव संसाधन की आवश्यकता होगी। इस दिशा में एसवीएसयू पूरी तरह तैयार है। एमओयू के तहत दोनों संस्थान विशेषज्ञों और शोधकर्ताओं के बीच आदान-प्रदान करेंगे। इसके साथ ही औद्योगिक प्रशिक्षण, प्रमाणन और इंटर्नशिप जैसी सुविधाओं पर भी कार्य करेंगे।