-नगर पालिका क्षेत्र में विकास कार्यों की गुणवत्ता संदेह के दायरे में, जांच ने पकड़ी रफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर झिरका। नगर पालिका क्षेत्र में विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर उठी शिकायतों के बाद अब जांच ने रफ्तार पकड़ ली है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर गठित सीएम फ्लाइंग की टीम ने मंगलवार देर रात शहर के विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर सड़कों का निरीक्षण किया और गुणवत्ता जांच के लिए नमूने एकत्र किए। इस कार्रवाई से नगर पालिका में हड़कंप मच गया है।
मनोनीत पार्षद कृष्ण कुमार सैनी और भाजपा के विस्तारक रहे जितेंद्र सैनी ने शहर में पिछले वर्षों में हुए विकास कार्यों में अनियमितताओं और घटिया निर्माण सामग्री के इस्तेमाल का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री से शिकायत की थी। शिकायत पर त्वरित संज्ञान लेते हुए सरकार ने सीएम फ्लाइंग टीम को जांच के निर्देश दिए। इसी क्रम में टीम ने शहर के स्वर्ग रोड, वार्ड नंबर 13 में प्रभासाड़ी सेंटर के सामने वाली गली तथा पशु अस्पताल के सामने बनी सड़क का मौके पर निरीक्षण किया। टीम ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता परखने के लिए इन स्थानों से सैंपल लिए। निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के कनिष्ठ अभियंता संजय कुमार मौके पर मौजूद रहे, जबकि संबंधित ठेकेदार की अनुपस्थिति चर्चा का विषय रही।
बताया गया कि इससे पहले भी विजिलेंस विभाग की टीम द्वारा वार्ड नंबर 4 में सड़कों के नमूने लिए जा चुके हैं, जिन्हें जांच के लिए मधुबन स्थित एफएसएल लैब भेजा गया है। अब ताजा लिए गए सैंपलों को भी विशेष लैब में परीक्षण के लिए भेजा जाएगा, जिससे निर्माण कार्य की वास्तविक गुणवत्ता सामने आ सके। शिकायतकर्ताओं ने आरोप लगाया है कि कुछ पार्षद स्वयं ठेकेदार बनकर निर्माण कार्य करवा रहे हैं, जिससे पारदर्शिता और गुणवत्ता दोनों प्रभावित हो रही हैं। इसके अलावा अनधिकृत क्षेत्रों में भी सड़कों का निर्माण कर सरकारी धन के दुरुपयोग के आरोप लगाए गए हैं। कनिष्ठ अभियंता संजय कुमार ने बताया कि शहर के तीन अलग-अलग मार्गों से कुल नौ सैंपल लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा जाएगा।