बादशाहपुर। मिलेनियम सिटी गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे और सोहना रोड के बीच बसा बादशाहपुर आज अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। जिस बादशाहपुर को इन दो बड़े प्रोजेक्ट्स के बीच एक सुगम कड़ी बनना था, वह आज टूटी सड़कों, संकरे रास्तों और उड़ती धूल के कारण एक बदहाली में तब्दील हो चुका है। बादशाहपुर की सड़कों की हालत इस कदर खराब है कि सड़कों पर लगातार भीषण जाम लगा रहता है। इसका मुख्य कारण बादशाहपुर के संकरे और जर्जर रास्ते भी हैं। स्थानीय निवासी जयप्रकाश यादव का कहना है कि प्रशासन ने बड़े एक्सप्रेसवे बनाने पर तो करोड़ों खर्च कर दिए, लेकिन उन तक पहुंचने वाले इन लिंक रोड्स को पूरी तरह अपने हाल पर छोड़ दिया है। वहीं, बादशाहपुर गांव के निवासी बेगराज यादव ने कहा कि सड़क की इस दुर्दशा ने अब एक गंभीर स्वास्थ्य संकट का रूप ले लिया है। गड्ढों और मलबे से उड़ने वाली धूल ने बादशाहपुर की हवा को जहरीला बना दिया है। संवाद