गुरुग्राम। विधायक मुकेश शर्मा की ओर से फाल्गुन मेले के अवसर पर गुरुग्राम से खाटू धाम तक पैदल यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह 31वीं पैदल महायात्रा आठ फरवरी को सेक्टर-21 से प्रारंभ होकर 13 फरवरी को खाटू धाम पहुंचेगी। गुरुग्राम में यात्रा के दौरान श्याम भक्तों पर हेलीकॉप्टर द्वारा पुष्प वर्षा की जाएगी। इसके साथ ही खाटू श्याम, माता शीतला सहित अन्य देवी-देवताओं के सुसज्जित रथ भी निकाले जाएंगे। विधायक ने बताया कि यह पदयात्रा आस्था, श्रद्धा और सेवा का महापर्व है। बाबा श्याम की असीम कृपा एवं भक्तों के सहयोग से यह आयोजन हर वर्ष निरंतर और अधिक भव्य रूप लेता जा रहा है। इस बार भी यात्रा में गुरुग्राम सहित आसपास के क्षेत्रों से हजारों-लाखों की संख्या में श्याम भक्त शामिल होंगे। महायात्रा का मार्ग सेक्टर-21 से प्रारंभ होकर राधा कृष्ण मंदिर, शीतला माता मंदिर, विधायक कार्यालय, सदर बाजार होते हुए हीरो होंडा चौक तक रहेगा। हीरो होंडा चौक के पश्चात यात्रा खाटू धाम के लिए प्रस्थान करेगी। फाल्गुन मेले के अवसर पर खाटू धाम में खाटू श्याम फाल्गुन मेला एवं सेवा शिविर का भी आयोजन किया जाएगा। यह सेवा शिविर 14 से 28 फरवरी तक सावरथिया धर्मशाला गोल्डन वाटर पार्क रिंगस रोड राजस्थान में लगाया जाएगा। संवाद
-
खाटू श्याम मेले के लिए चलेगी स्पेशल ट्रेन
गुरुग्राम। राजस्थान के सीकर में आयोजित होने वाले खाटू श्याम मेले पर यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे प्रशासन की तरफ से एक स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। इस ट्रेन के संचालन से गुरुग्राम और पटौदी से जाने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलेगी। गुरुग्राम से काफी संख्या में श्रद्धालु खाटू श्याम में दर्शन करने के लिए जाते हैं। यह ट्रेन 24 फरवरी से एक मार्च तक दिल्ली से फुलेरा के बीच में संचालित की जाएगी। इस ट्रेन में यात्रियों के लिए 22 डिब्बों की व्यवस्था की गई है। 24 फरवरी से यह ट्रेन फुलेरा से दिल्ली की तरफ आने के दौरान पर पटौदी स्टेशन पर शाम साढ़े चार बजे और गुड़गांव रेलवे स्टेशन पर पांच बजे पहुंचेगी। दिल्ली से फुलेरा जाने के दौरान यह ट्रेन गुड़गांव रेलवे स्टेशन पर शाम को सात बजकर 48 मिनट पर पहुंचेगी। इसके बाद पटौदी रेलवे स्टेशन पर आठ बजकर 20 मिनट पर पहुंचेगी। संवाद