समिति का कहना -भूमि स्वामी से आवश्यक अनुमति प्राप्त की थी, फिर भी काम से रोका
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। सेक्टर-70 ए स्थित एस्टेयर गार्डन में दुर्गा पूजा के आयोजन को लेकर विवाद हुआ है। एस्टेयर गार्डंस पूजा एवं सांस्कृतिक समिति ने इस संबंध में अपना पक्ष स्पष्ट किया है। समिति एक निजी भूखंड पर दुर्गोत्सव की तैयारी कर रही थी।
समिति ने बताया कि उन्होंने भूमि स्वामी से आवश्यक अनुमति प्राप्त की थी। रात में मौके पर उपस्थित सुरक्षा कर्मियों को अनुमति दस्तावेज भी दिखाए गए थे। इसके बावजूद, एस्टेयर गार्डंस की रखरखाव एजेंसी पीएसआईपीएल ने कुछ अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए। इन सुरक्षाकर्मियों ने पूजा समिति के सदस्यों और पंडाल टीम को काम शुरू करने से रोका। इससे मौके पर अनावश्यक तनाव बढ़ा और पुलिस को बुलाना पड़ा। समिति के अनुसार, विवाद अनुमति प्राप्त तैयारी में हस्तक्षेप को लेकर था, न कि बिना अनुमति के कार्यक्रम पर। एजीपीएएसएस एक पंजीकृत संस्था है, जिसका उद्देश्य एस्टेयर गार्डंस में दुर्गा पूजा और अन्य धार्मिक-सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन करना है।
दुर्गा पूजा पंडाल विवाद का कारण
पिछले दो सालों से सोसाइटी के सेंट्रल पार्क में दुर्गा पूजा होती थी। इस साल आरडब्ल्यूए ने सेंट्रल पार्क में आयोजन की अनुमति नहीं दी, जिसके बाद पूजा समिति ने निजी खाली जगह पर पंडाल लगाने शुरू किए। रखरखाव टीम ने सुरक्षा गार्डों के माध्यम से इन्हें रोकने की कोशिश की, जिससे विवाद हुआ। आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों के अनुसार, पहले सोसाइटी बिल्डर अनुमति देता था, पर अब सोसाइटी आरडब्ल्यूए के अधीन है। सेंट्रल पार्क में नवरात्र पूजा होने के कारण दुर्गा पूजा पंडाल को अनुमति नहीं मिली।