कमेटी गठित की गई, जनप्रतिनिधियों से मिलकर पक्ष रखेगी
संवाद न्यूज एजेंसी
पटौदी। नगर परिषद पटौदी मंडी के श्रीराम चौक पर मंडी व जाटौली के लोगों की एक पंचायत का आयोजन पूर्व पार्षद श्रीपाल चौहान की अध्यक्षता में किया गया।
पंचायत में लोगों ने एक स्वर में कहा कि मंडी जटौली में नए आरओबी से दुकानें व मकान टूटने से लोग भयभीत हैं। ऐसे में उनकी जमीन का अधिग्रहण न किया जाए।
सरकार बिलासपुर-पटौदी-कुलाना मार्ग को चार लेन का बनाने के लिए चौड़ीकरण को लेकर रेलवे लाइन के पार एक और आरओबी बनाना चाहती है जिसको लेकर दुकानदार व मकान मालिकों में दुकानें टूटने का डर बना हुआ है। पंचायत में कहा गया कि सरकार को चाहिए कि लोगों की दुकानें व मकान न टूटें, इसको लेकर गोलाकार (ओ) शक्ल में पटौदी, मंडी तथा जटौली के चारों तरफ बाईपास बनाए। एक कमेटी का गठन किया गया जोकि क्षेत्र के विधायक, सांसद, उपमुख्यमंत्री तथा मुख्यमंत्री को मिलकर अपना ज्ञापन सौंपेगी।
इस अवसर पर पटौदी के पूर्व विधायक रामबीर सिंह, पूर्व अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी पहलवान दलीप सिंह छिल्लर, वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल भारती, नगरपरिषद पटौदी मंडी के सलाहकार समिति अध्यक्ष सुरेश यादव, हेलीमंडी नगरपालिका के पूर्व अध्यक्ष शिव कुमार गुप्ता,नरेश अग्रवाल, पूर्व पार्षद राजेंद्र गुप्ता,अजय मंगला,हैप्पी जैन,पूर्व पार्षद आनंद भूषण, ज्ञानचंद जिंदल, अशोक सोनी,श्रीभगवान आदि उपस्थित रहे।