गुरुग्राम। ‘अवसर’ ऐप पर आई तकनीकी खामियों की वजह से तीसरी और चौथी कक्षा के विद्यार्थी मंगलवार तक भी परीक्षा नहीं दे सके। वे सुबह 8 बजे तक बार-बार ऐप पर परीक्षा देने का प्रयास करते रहे। इससे उन्होंने परीक्षा का समय गंवा दिया।
सरकारी स्कूलों में ‘अवसर’ ऐप पर स्कूल असेसमेंट टेस्ट (सैट) लिए जा रहे हैं। सोमवार को तीसरी और चौथी कक्षा की परीक्षा ऐप पर शुरू हुई। विद्यार्थियों की सुविधा को देखते हुए ऐप पर पूरे 24 घंटे के लिए प्रश्नपत्र को उपलब्ध किया गया। परीक्षा सुबह 8 बजे शुरू हुई। दो घंटे बाद ही ऐप का सर्वर डाउन हो गया। जिन विद्यार्थियों ने तत्काल ऐप खोल लिया था, वहीं परीक्षा दे सके।
उसके बाद विद्यार्थियों का प्रश्न पत्र दिखना बंद हो गया। ऐसे में बहुत से अभिभावक स्कूल भी पहुंचे। जिन्हें 24 घंटे के भीतर समस्या सुधरने व दोबारा से प्रयास करने का आश्वासन देकर भेज दिया गया। विद्यार्थी मंगलवार सुबह 8 बजे तक बार-बार पेपर खोलने का प्रयास करते रहे लेकिन उक्त ऐप की तकनीकी खामियां बनी रहीं। इस दौरान उन्हें नेटवर्क बिजी, एक्सेस डिनाय का संदेश दिखाई दिया। ऐप की वजह से आई परेशानी के संबंध में शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने चुप्पी साधी है। बुधवार को तीसरी और चौथी कक्षा की हिंदी और अंग्रेजी विषय की परीक्षा होनी है।
70 फीसदी विद्यार्थी नहीं दे सके परीक्षा
राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला प्रधान दुष्यंत ठाकरान ने बताया कि 70 फीसदी से भी अधिक विद्यार्थी परीक्षा नहीं दे सके हैं। परीक्षा नहीं होने पर विद्यार्थी व अभिभावक दोनों परेशान हो रहे हैं। सामने आई तकनीकी खामियों के बाद आगामी परीक्षाओं के संबंध में विद्यार्थी फोन कर रहे हैं। विभाग को जल्द ही इस समस्या का निपटारा करना चाहिए। साथ ही आगामी परीक्षाओं के संबंध में निर्देश देने चाहिए।
दिन भर फोन लेकर बैठे रहे बच्चे
अभिभावक मंगलेश ने बताया कि परीक्षा के लिए बच्चे दिन भर हाथ में फोन लेकर बैठे रहे। ऐप पर पेपर नहीं खुल रहा था। दूसरा ऐप डाउनलोड भी नहीं हो रहा था। रात में भी बच्चे बार-बार ऐप खोलते रहे। जेबीटी शिक्षक शक्ति शर्मा ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में नेटवर्क की परेशानी की वजह से ऐप खुला ही नहीं। बहुत से अभिभावकों व बच्चों के पास एंड्रायड फोन नहीं होने पर भी परेशानी आई है।