गुरुग्राम। वैक्सीन की कमी के कारण शुक्रवार को 18 से 44 आयु वर्ग वालों को कोरोना का टीका नहीं लगाया जा सकेगा। इस बारे में स्थिति स्पष्ट करते हुए गुरुग्राम के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. वीरेंद्र यादव ने बताया कि जिले को जल्द ही वैक्सीन की डोज मिल जाएगी। पर्याप्त मात्रा में वैक्सीन न होने के कारण शुक्रवार को सिर्फ 45 साल से ऊपर वालों को ही कोरोना का टीका लगाया जाएगा और टीकाकरण केंद्रों पर दूसरी डोज लेने वालों को प्राथमिकता दी जाएगी।
जिले में वैक्सीन की कमी की बात पिछले काफी दिनों से सामने आ रही थी। बावजूद इसके किसी तरीके से 18-44 आयु वर्ग में टीकाकरण की प्रक्रिया भी लगातार चल रही थी, लेकिन अब वैक्सीन की कमी के चलते टीकाकरण की प्रक्रिया भी प्रभावित होने लगी है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एमपी सिंह ने कहा कि अभी स्वास्थ्य विभाग के पास कोवीशील्ड की करीब 8 हजार डोज व कोवाक्सिन की लगभग 1 हजार डोज हैं। ऐसे में शुक्रवार को टीकाकरण की प्रक्रिया सुचारू रूप से चलती रहेगी और पूरी उम्मीद है कि शाम तक वैक्सीन मिल भी जाएगी।
आज 37 केंद्रों पर होगा टीकाकरण
शुक्रवार को जिले के सभी 37 केंद्रों पर 45 साल से ज्यादा आयु वालों को कोरोना का टीका लगाया जाएगा। वहीं, वैक्सीन मिलने के बाद शनिवार से फिर से 18-44 आयु वालों में टीकाकरण की प्रक्रिया शुरू हो सकती है। 37 केंद्रों में से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र तिगड़ा, बादशाहपुर, चौमा व मानेसर में कोवाक्सिन की डोज दी जाएगी, जबकि अन्य केंद्रों पर कोवीशील्ड लगाई जाएगी।
सीमित किया गया है समय
शुक्रवार तक जिले को वैक्सीन मिलने की पूरी संभावना है लेकिन कितनी डोज वैक्सीन आएगी, इस बारे में स्वास्थ्य विभाग के पास कोई जानकारी नहीं है। वैक्सीन की कमी के कारण व अव्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के उद्देश्य से 18 साल से ज्यादा आयु वालों में टीकाकरण के लिए पंजीकरण का समय सिर्फ एक घंटे के लिए सीमित कर दिया गया है। अब टीकाकरण के लिए सिर्फ शाम 6-7 बजे तक ही पंजीकरण किया जा सकेगा।