संवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना।
रंजिश के चलते दबंगों द्वारा एक परिवार पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर बिछोर थाना पुलिस ने सात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस को दी शिकायत में गांव नहेदा निवासी ईसब ने बताया कि उनका आरोपियों के साथ पुराना विवाद चल रहा है। इस संबंध में पहले भी मारपीट के दो मुकदमे दर्ज कराए जा चुके हैं। आरोप है कि 10 अप्रैल की शाम वह अपने एक साथी के साथ बातचीत करते हुए घर लौट रहे थे। जैसे ही वे अपने घर के दरवाजे के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे गांव के शौकिन, आसिफ, रोबिन, तौफिक, सरफ, फरीदा और नसरी अपने-अपने हाथों में लाठी, कुल्हाड़ी और डंडे लेकर बाहर आए और उन पर हमला कर दिया। हमले में ईसब को गंभीर चोटें आईं। परिजनों ने उन्हें तुरंत पुन्हाना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर पहले नलहड़ मेडिकल कॉलेज और फिर पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। बिछोर थाना पुलिस ने कहा कि पीड़ित की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।