केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने ‘नमो युवा रन’ का हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ
‘नमो युवा रन’ ने दिया नशामुक्त समाज का संदेश
10 हजार से अधिक युवाओं ने दौड़ में लिया भाग
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। साइबर सिटी में रविवार को ‘नमो युवा रन’ के जरिये नशामुक्त समाज का संदेश दिया गया। लेजर वैली पार्किंग से शुरू हुई इस भव्य दौड़ में 10 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने उत्साह और उमंग के साथ हिस्सा लिया। नमो युवा रन का केंद्रीय विद्युत व आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल ने हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। कार्यक्रम में हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह और युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौरव गौतम भी उपस्थित रहे।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने नमो युवा रन में सहभागी बने हजारों युवाओं से आह्वान किया है कि वे नशामुक्त समाज के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि नशा किसी भी व्यक्ति की क्षमता को नष्ट करता है और समाज को कमजोर बनाता है। यदि युवा नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और कौशल विकास की ओर ध्यान देंगे तो न केवल उनका भविष्य सुरक्षित होगा बल्कि पूरा समाज एक बेहतर दिशा में आगे बढ़ेगा।
उठो और जागो...
स्वामी विवेकानंद का उल्लेख करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ''''उठो और जागो, जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो, रुकना मत।'''' आज के युवाओं को भी उनके इन विचारों से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ना होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में स्वच्छता का महाअभियान चलाकर महात्मा गांधी के सपनों को साकार करने की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं। इस दिशा में समाज के हर वर्ग को सहयोग देना होगा।
-
नए भारत का सपना साकार करने में युवाओं की भूमिका अहम
उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि 17 सितंबर को भारत के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस से शुरू हुआ सेवा पखवाड़ा 2 अक्कूबर तक जिलेभर में विशेष गतिविधियों और जनजागरूकता कार्यक्रमों के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि जब युवा शक्ति इस संकल्प को अपनाएगी तो देश की प्रकृति और स्वास्थ्य दोनों सशक्त होंगे। इसी के साथ नए भारत का सपना साकार करने में युवाओं की भूमिका अहम होगी।
ऐसे आयोजन से होता है सकारात्मक सोच का संचार : गौरव गौतम
युवा अधिकारिता एवं उद्यमिता मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौरव गौतम ने कहा कि नमो युवा रन युवाओं के जीवन में अनुशासन, सहनशीलता, धैर्य और राष्ट्र निर्माण की एकता को मजबूती देने वाली एक अहम कड़ी है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से युवाओं में देशप्रेम, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और सकारात्मक सोच का संचार होता है, जो भारत के उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक है।
इस अवसर पर सोहना के विधायक तेजपाल तंवर, गुरुग्राम के विधायक मुकेश शर्मा, भाजपा के राष्ट्रीय सचिव ओमप्रकाश धनखड़, पूर्व खेल मंत्री तथा कार्यक्रम के संयोजक संजय सिंह, कौशल विकास एवं औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग के महानिदेशक डॉ. विवेक अग्रवाल, डीसी अजय कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं : राव नरबीर सिंह
गुरुग्राम। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में हो रहे सेवा पखवाड़ा में फर्रुखनगर भाजपा मंडल की ओर से रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने किया। इसमें लोगों ने 186 यूनिट रक्तदान किया। इस दौरान कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है। रक्तदान महादान है तथा यह मानवता की अमूल्य सेवा है। कार्यक्रम में प्रितेश धनखड़, रामबीर यादव, शिवचरण सिमार, नरेंद्र सिसोदिया, देवेंद्र यादव, देश देवी, शिव यादव, प्रदीप यादव, रामपाल यादव, कोमल देवी, राजेश सैनी, प्रतीक कपूर और आईटी प्रमुख नवीन प्रजापति, पूर्व महामंत्री अशोक यादव आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे। ब्यूरो