- एक हफ्ते में 22,715 चालकों का चालान
- पिछले सप्ताह के मुकाबले 4,566 चालान बढे़
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। साइबर सिटी में चालक यातायात नियमों की पालना नहीं कर रहे हैं। यातायात पुलिस की तरफ से लगातार सख्ती और जागरूकता अभियान चलाने के बावजूद नियमों की पालना नहीं हो रही है। बीते एक हफ्ते में यातायात पुलिस ने 22,715 चालकों पर 1.67 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया है। इससे पहले 18,149 चालकों पर कार्रवाई की गई थी।
पुलिस उपायुक्त यातायात प्रतीक गहलोत ने बताया कि 13 से 19 अप्रैल के बीच में गलत दिशा में वाहन चलाने पर 2,181, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने पर 862, दूसरी सवारी द्वारा हेलमेट न लगाने पर 1,173, सीट बेल्ट न लगाने पर 686, शराब पीकर वाहन चलाने पर 455, गलत जगह पर वाहन खड़ा करने पर 1,527, दोपहिया वाहन पर तीन व्यक्ति बैठने पर 183, तेज गति में वाहन चलाने पर 15, वाहन चलाते समय मोबाइल का प्रयोग करने पर 48, ध्वनि प्रदूषण पर 36 और गलत लेन में वाहन चलाने पर 374 चालान किए गए। यातायात पुलिस की तरफ से हर हफ्ते नियमों की जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रह हैं।