पलवल कैंप थाना अंतर्गत गोरक्षकों ने गो तस्करी के आरोप में चालक-परिचालक पर जानलेवा हमला कर उन्हें नहर में फेंक दिया। चालक किसी तरह नहर से निकलकर थाने पहुंचा और पुलिस को शिकायत दी। वहीं, परिचालक का अब तक पता नहीं लग पाया है। कैंप थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। घायल चालक को जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी देते हुए राजस्थान के गंगानगर निवासी बालकिशन ने बताया कि वह पिकअप चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। शनिवार रात को वह गंगानगर के गनजातिया निवासी परिचालक संदीप के साथ लखनऊ से वापस अपने घर रहा था। रात करीब डेढ़ बजे पलवल में केएमपी एक्सप्रेसवे पर बाइक सवार तीन युवकों ने उनका रास्ता रोक लिया। युवकों ने उन पर गो तस्करी का आरोप लगाकर मारपीट शुरू कर दी। सिलानी के समीप आरोपियों ने दोनों को नहर में फेंक दिया। आरोपी उनसे नकदी और फोन लूटकर भाग गए। कुछ देर बाद उसे होश आया तो वह राहगीरों की मदद से सोहना थाने पहुंचा। उसने मामले की सूचना पुलिस को दी। कैंप थाना प्रभारी दिनेश कुमार के अनुसार पुलिस मामले की जांच कर रही है। लापता संदीप की तलाश की जा रही है। पुलिस ने पिकअप को बरामद कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।