अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान प्रशासन की टीम।
-सड़क किनारे किए गए अस्थाई निर्माण, दुकानों के बाहर रखा सामान हटवाया
संवाद न्यूज एजेंसी
नगीना। नगीना की ‘राजधानी’ के नाम से मशहूर बडकली चौक पर फैले अतिक्रमण को हटाने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए विशेष अभियान चलाया। यह अभियान खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी के नेतृत्व में चलाया गया, जिसमें चौक के कुछ हिस्सों से अतिक्रमण हटाया गया।
अभियान के दौरान सड़क किनारे किए गए अस्थायी निर्माण, दुकानों के बाहर रखे सामान और अवैध कब्जों को हटाया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हलचल मच गई और कई लोगों ने स्वयं ही अपना सामान हटाना शुरू कर दिया।बीडीपीओ विशाल आजाद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि बडकली चौक पर किसी भी सूरत में अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अतिक्रमणकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि वे स्वयं सरकारी भूमि से अपना कब्जा हटा लें, अन्यथा प्रशासन द्वारा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जो लोग अतिक्रमण हटाने में बाधा डालने का प्रयास करेंगे, उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
कुछ लोगों द्वारा लगाए जा रहे इस आरोप पर कि प्रशासन चयनात्मक’ कार्रवाई कर रहा है बीडीपीओ ने इसे पूरी तरह निराधार बताया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई बिना किसी भेदभाव के सभी पर समान रूप से लागू की जाएगी। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि यह अभियान एक दिन की कार्रवाई तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे लगातार जारी रखा जाएगा ताकि बडकली चौक को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त बनाया जा सके।