गुरुग्राम। सेक्टर 107 और 108 में पेयजल आपूर्ति की समस्या दूर करने के लिए गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने नई पाइप लाइन बिछाने का काम लगभग पूरा कर लिया है। धरमपुर चौक से एम3एम वुडशायर सोसाइटी तक पाइप लाइन डाली गई है। अब एक स्थान पर सड़क के नीचे से ट्रेंचलेस तकनीक से पाइप लाइन की क्रॉसिंग कराना बाकी है। इसके पूरा होने के बाद पानी की आपूर्ति शुरू की जाएगी।
सेक्टर 107 और 108 सहित आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से पेयजल की समस्या बनी हुई है। स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री से मिलकर अपनी परेशानी बताई थी। इसके बाद मुख्यमंत्री ने जीएमडीए को समस्या के समाधान के लिए कदम उठाने के निर्देश दिए थे। इसी के तहत नई पाइप लाइन बिछाने का कार्य किया जा रहा है। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने इन सेक्टरों को विकसित किया है, लेकिन जमीन संबंधी विवाद के कारण पेयजल की मास्टर लाइन नहीं बिछाई जा सकी थी। इसके चलते बिल्डर ने गांव के रास्ते से पानी की लाइन डाली थी। जीएमडीए के अनुसार, शेष कार्य एक-दो माह में पूरा कर लिया जाएगा। इसके बाद क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति बेहतर होने की उम्मीद है। ब्यूरो