प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी ने अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। शहरी विकास के प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी ने सोमवार को जीएमडीए कार्यालय में अधिकारियों की बैठक में सोहना और ग्वाल पहाड़ी क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति की समीक्षा की। ढेसी ने कहा कि दोनों परियोनाओं को जल्द पूरा किया जाए।
डीएस ढेसी ने सोहना और ग्वाल-पहाड़ी क्षेत्र में जलापूर्ति के विस्तार पर अधिकारियों से चर्चा की। उन्होंने दोनों क्षेत्र के लिए अभी तक किए गए कार्याें की विस्तार से जानकारी ली। अभियंताओं ने बताया कि ग्वाल पहाड़ी एरिया में पानी सप्लाई के लिए काम चल रहा है। सोहना में पानी सप्लाई के लिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों ने विस्तार से जानकारी रखी। इसके अलावा सेक्टर-70 ए, सेक्टर-62-65 और सेक्टर 77-78 डिवाडिंग रोड के गुम लिंक पर भी जानकारी ली। इन सड़कों के कुछ हिस्सों का निर्माण कार्य जमीन नहीं मिलने से अटका हुआ है। गुरुग्राम-फरीदाबाद रोड स्थित ग्वाल पहाड़ी विकास योजना-2021 के तहत जीएमडीए पेयजल की सप्लाई बेहतर करने के लिए बूस्टिंग स्टेशन बनवा रहा है। ग्वाल पहाड़ी में करीब 20 एमएलडी पानी सेक्टर-72 बूस्टिंग स्टेशन से दिया जाएगा। इससे क्षेत्र की कई सोसाइटियों में नहरी पानी की सुविधा मिल सकेगी।