संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। न्यू पालम विहार और गांव बजघेड़ा के निवासियों ने केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत से इलाके की समस्याओं के समाधान में सहयोग की अपील की है। पिछले दिनों गुरुग्राम पहुंचे केंद्रीय मंत्री से न्यू पालम विहार के निवासियों ने मुलाकात की थी। उन्होंने नगर निगम पर दबाव डाल कर समस्याओं के समाधान की मांग की।
प्रतिनिधियों ने बताया कि न्यू पालम विहार फेज वन और फेज-टू में पेयजल की लाइन का काम अधूरा पड़ा हुआ है। इसे पूरा करने की जरूरत है। लोगों को पेयजल लाइन नहीं होने के कारण काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस इलाके में सघन आबादी है, मगर पेयजल की लाइन नहीं बिछाई गई है।
दूसरी और न्यू पालम विहार फेज-वन और निहाल कॉलोनी में सड़क पर सीवेज का गंदा पानी बहता रहता है। सीवेज की सफाई के लिए निगम ने टेंडर तो कर दिया है मगर ठेकेदार ठीक से काम नहीं कर रहे हैं। न्यू पालम विहार बजघेड़ा गांव और पूरे इलाके में लावारिश पशु जैसे गोवंश, भैंस ,कुत्ते, सुबह से शाम सड़क पर घूमते रहते हैं। नगर निगम इन्हें पकड़ने और इनके मालिकों पर चालान काटने की व्यवस्था करे। मुख्य सड़कों और चौक-चौराहों पर रेहड़ियों और खोखों के अतिक्रमण को हटाया जाए। बजघेड़ा, सराय अलावर्दी और न्यू पालम विहार में अधिसंख्य स्ट्रीट लाइट खराब पड़ी हैं। अंधेरे में अपराध और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
ज्ञापन देने वाले समूह में साई कुंज सोसाइटी सेक्टर 110 ए, महेंद्रा औरा, चंदन विहार, न्यू पालम विहार फेज -2, शंकर विहार, निहाल कॉलोनी एक्सटेंशन, प्रकाशपुरी वेलफेयर एसोसिएशन, ब्रदरहुड वेलफेयर एसोसिएशन, गुड़गांव गेटवे, डिप्लोमेटिक ग्रींस, चिंटेल्स पैराडाइसो, ब्रिस्क लुंबिनी, उपवन सोसाइटी और निहाल कॉलोनी ओल्ड के आरडब्ल्यूए प्रतिनिधि शामिल हैं।