ठंड और जहरीली हवा की चपेट में आने से सीने में दर्द व खांसी-जुकाम के मरीज बढ़े
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शहर में बदलते मौसम और बढ़ते प्रदूषण ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। ठंड के साथ जहरीली हवा की दोहरी मार से नागरिक अस्पताल में मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। चिकित्सकों के अनुसार, इन दिनों अस्पताल में आने वाले अधिकतर मरीज सांस लेने में परेशानी, लगातार खांसी, जुकाम, गले में जलन और सीने में दर्द की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं।
चिकित्सकों का कहना है कि ठंड बढ़ने के कारण सुबह और रात के समय स्मॉग की परत और भी घनी हो जाती है, जिससे सांस के मरीजों की स्थिति बिगड़ रही है। कई मरीजों को राहत देने के लिए नेबुलाइजर और इनहेलर का सहारा लेना पड़ रहा है। खासतौर पर बुजुर्ग, बच्चे और दमा या एलर्जी से पीड़ित लोग अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
चिकित्सकों ने बताया कि पिछले दो दिन से शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) लगातार 300 के पार बना हुआ है, जो खराब श्रेणी में आता है। प्रदूषित हवा के कारण फेफड़ों पर सीधा असर पड़ रहा है, जिससे मरीजों में सीने में भारीपन और सांस फूलने की समस्या बढ़ रही है। चिकित्सकों ने लोगों को सुबह-शाम बाहर निकलने से बचने, मास्क का इस्तेमाल करने और जरूरत पड़ने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है। साथ ही बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी गई है।
मौसम में बदलाव के साथ-साथ बिगड़ती शहर की हवा भी लोगों को बीमार कर रही है। वहीं, तापमान में गिरावट के कारण भी गले में खराश व खांसी के मरीजों की संख्या बढ़ गई है। -
डाॅ. नवीन कुमार, सीनियर मेडिकल अधिकारी, नागरिक अस्पताल