निगमायुक्त से कुत्तों से सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। शहर में एक वीडियो लोगों के बीच दहशत पैदा कर रहा है। इस वीडियो में कई कुत्ते एक बुजुर्ग महिला को घसीट रहे हैं। हालांकि यह वीडियो कहां का है और कब का है, इस बात की तस्दीक नहीं हुई है।
वीडियो डीएलएफ फेज टू के निवासियों के वाट्सएप ग्रुप से शुरू हुआ। इसमें दिख रहा है कि कुछ कुत्ते एक बुजुर्ग महिला को पहले घेरते हैं, फिर गिरा देते हैं। महिला बचाव की पूरी कोशिश करती है। इसके बाद कुत्ते महिला को घसीटते हुए एक खाली प्लॉट में ले जाते हैं, फिर कुछ लोग उस प्लॉट में पहुंचकर उसका बचाव करते हैं और कुत्तों को भगाते हैं। यह दृश्य शहर के लोगों को डरा रहा है। गुरुग्राम में इस तरह की कई घटनाएं पहले हो चुकी हैं जब लावारिस कुत्ते के काटने से मौत हुई है, लोग बुरी तरह घायल हुए हैं।
मेफील्ड गार्डन के प्रींस्टन एस्टेट के अमित गोस्वामी ने बताया कि इसी तरह की घटना सेक्टर 51 में दो दिन पहले घटी है। एक महिला को कुत्तों ने काट लिया था। उसे दो इंजेक्शन लगाए जा चुके हैं। पांच से ज्यादा लोग इसके शिकार हो चुके हैं। सेक्टर 23 के पूर्व आरडब्ल्यूए महासचिव भवानी शंकर त्रिपाठी ने निगमायुक्त को लिखा है कि स्ट्रे डाॅग के सर्वे की जरूरत है। हर जोन के लिए एक एनजीओ लगाया जाए जो 24 घंटे इमरजेंसी सेवाओं के लिए तैनात रहे। हर कुत्ते का रजिस्ट्रेशन किया जाए।