अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जिले में कुत्ता चोरी करने का अनोखा मामला सामने आया है। 4 युवक एक ढाबे में खाना खाने के बाद जाते समय ढाबे मालिक का 25 हजार रुपये का कुत्ता लेकर चले गए। ढाबे के सामने बने माल के सिक्योरिटी गार्ड ने युवकों को कुत्ता लेकर जाते हुए देखा। वहीं चारों आरोपी ढाबे के सीसीटीवी में भी कैद हुए हैं। शिकायत के बाद खेड़कीदौला थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
पुलिस के अनुसार दो दिन पहले रात 11 बजे 4 युवक गुरुग्राम के खेड़कीदौला थाना क्षेत्र में सेक्टर 82 स्थित ढाबा 65 में आते हैं। खाना खाकर जाते हुए वे वहां टहल रहे हस्की कुत्ते को बहला फुसला कर पहले तो ढाबे के सामने सफायर माल में ले जाते हैं फिर उसे जबरदस्ती अपनी गाड़ी में डालकर ले जाते हैं। मालिक ने पहले मिराज को खुद ढूंढने की बहुत कोशिश की, परंतु उनकी कोशिश नाकाम रही। ऐसे में अब खेड़कीदौला थाने में पूरे मामले की शिकायत दी है। पुलिस ने आस-पास के फुटेज अपने कब्जे में लेकर तफ्तीश शुरू कर दी है।
सतपाल के अनुसार वह 16 अगस्त को अपने घर थे। उनका छोटा भाई उस रात ढाबे को संभाल रहा था। वह डेढ़ साल से ढाबा चला रहे हैं। उनकी पहली ब्रांच गुरुग्राम के सेक्टर 65 में है तो वहीं सेक्टर 82 वाले ढाबे को खोले हुए 6 महीने ही हुए हैं।
4 दिन पहले ही हस्की कुत्ता लाया गया
ढाबे और कुत्ते के मालिक सतपाल ने बताया कि हस्की कुत्ते का नाम मिराज है। वह 6 महीने का है। उनका एक ढाबा उत्तराखंड के धनोल्टी में था और मिराज वहीं पर ही रहता था। घटना से 4 दिन पहले ही वह मिराज को लाए थे। मलिक ने बताया कि सूचना माल के बाहर बैठे गार्ड ने दी। गार्ड ने ही आरोपियों को कुत्ते को जबरदस्ती अपनी गाड़ी में डालते हुए देखा था।