संवाद न्यूज़ एजेंसी
फिरोजपुर झिरका।
शहर में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे आम जनता के साथ-साथ बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं दहशत में हैं। इन कुत्तों के काटने और हमला करने की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। इस गंभीर समस्या को देखते हुए उपमंडल अधिकारी (ना०) लक्ष्मीनारायण ने अब सख्त कदम उठाने का फैसला किया है। उन्होंने फिरोजपुर झिरका नगर पालिका सचिव को एक पत्र लिखकर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम लक्ष्मीनारायण ने बताया कि उन्हें लगातार आवारा कुत्तों के बढ़ते हमलों से संबंधित शिकायतें और समाचार पत्रों के माध्यम से जानकारियां मिल रही हैं।
उन्होंने माननीय उच्चतम न्यायालय के एक आदेश का हवाला देते हुए कहा, उच्चतम न्यायालय ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में आवारा कुत्तों की संख्या को नियंत्रित करने और उन्हें एक निर्धारित स्थानों पर ले जाने के निर्देश दिए हैं। जनहित को देखते हुए हमें भी इन निर्देशों का पालन करना होगा और आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या को नियंत्रित करना बेहद जरूरी है। लक्ष्मीनारायण ने बताया कि इस समस्या को सिर्फ आवारा कुत्तों तक सीमित नहीं रखा जाएगा। उन्होंने कहा, इसके अतिरिक्त, निजी पालकों को भी नोटिस जारी कर यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि वे खतरनाक नस्ल के कुत्तों को खुले में न पालें।