राज्य स्तरीय स्कूली स्केटिंग प्रतियोगिता में दिखाया कौशल
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। पंचकूला के आईटी पार्क सेक्टर-22 स्थित स्केटिंग ट्रैक पर 59वीं हरियाणा स्कूल गेम्स स्केटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें जिले के खिलाड़ियों ने तेज रफ्तार और शानदार प्रदर्शन के दम पर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। रोड रेस प्रतियोगिताओं में जिले ने अलग-अलग आयु वर्गों में बेहतर प्रदर्शन करते हुए शीर्ष स्थान हासिल किए। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए हरियाणा टीम का चयन किया जाएगा।
अंडर-14 इनलाइन स्पीड वर्ग में जिले की टीम ने दूसरा स्थान हासिल किया। वहीं, अंडर-14 क्वाड स्पीड में भी गुरुग्राम के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया। दोनों वर्गों में खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही तेज गति बनाए रखते हुए पदक की दौड़ में अपनी स्थिति मजबूत रखी।
सबसे बेहतर प्रदर्शन जिले ने अंडर-17 इनलाइन स्पीड में किया। इस वर्ग में जिले के खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल किया। खिलाड़ियों ने रेस के दौरान अपनी गति, संतुलन और तकनीक का शानदार तालमेल दिखाया। विभिन्न आयु वर्गों में प्रदर्शन के बाद अब खिलाड़ियों की नजर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए होने वाले चयन पर है। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को हरियाणा टीम में जगह मिलने की उम्मीद है। एईओ जगदीश अहलावत ने बताया कि 59वीं हरियाणा स्कूल गेम्स में जिले के स्केटिंग खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया है। अंडर-14 के दोनों वर्गों में दूसरा स्थान और अंडर-17 इनलाइन स्पीड में पहला स्थान हासिल करना खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम है। खिलाड़ियों को आगे भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।