गुरुग्राम। 6 नवंबर से गुरुग्राम में दो दिवसीय जिला स्तरीय युवा महोत्सव की शुरुआत हो रही है। यह आयोजन सेक्टर-14 स्थित राजकीय कन्या महाविद्यालय में भव्यता और जोश के साथ मनाया जा रह है। महोत्सव में जिलेभर से आए युवा अपनी कला, गायन, नृत्य और लेखन कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं। राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान गुरुग्राम के प्रिंसिपल रविन्द्र कुमार ने बताया कि महोत्सव के सफल आयोजन के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम में समूह लोक नृत्य, समूह लोक गीत, कहानी लेखन (हिंदी, अंग्रेजी व क्षेत्रीय भाषा), कविता लेखन, पोस्टर मेकिंग, भाषण प्रतियोगिता, विज्ञान मेला तथा लोक वाद्य यंत्र (एकल व समूह) जैसी विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को 11 सौ से 31 हजार रुपये तक के नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। जिला स्तरीय युवा महोत्सव के विजेता प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय महोत्सव में गुरुग्राम का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।