जांच के अनुसार आरोपी ने आमदनी के मुकाबले 38 लाख रुपये अधिक की संपत्ति बनाई
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन (सीबीआई) व एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) चंडीगढ़ ने नेशनल ब्रेन रिसर्च सेंटर (एनबीआरसी), मानेसर गुरुग्राम के सहायक अभियंता संजय कुमार चौधरी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति (डीए) का केस दर्ज किया है। सीबीआई की जांच में पता चला कि आरोपी ने साल 2019 से 2020 के बीच अपनी सैलरी और अन्य आय से करीब 97.59 फीसदी अधिक संपत्ति अर्जित की है।
रिपोर्ट में पाया गया है कि आरोपी ने अपनी आमदनी के मुकाबले करीब 38 लाख रुपये ज्यादा की संपत्ति बनाई। यह उनकी कुल आय से लगभग दोगुनी है। यह भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दंडनीय अपराध है। सीबीआई ने संजय चौधरी के बैंक खातों और संपत्तियों की जांच की गई तो बड़ा खुलासा हुआ है। जनवरी 2019 संजय कुमार चौधरी के पास सिर्फ 2 लाख 34 हजार रुपये बैंक बैलेंस था। जबकि दिसंबर 2020 तक दो साल में ही उनका बैंक बैलेंस बढ़कर 62 लाख 60 हजार रुपये तक पहुंच गया। इसके अलावा जांच में सामने आया कि संजय कुमार चौधरी ने दिल्ली के छतरपुर में एक मकान (2019 में खरीदा) जिसकी कीमत 50 लाख रुपये थी। वहीं मारुति ब्रेजा कार (2020 में खरीदी) जिसकी कीमत उस समय 8.47 लाख रुपये थी और बैंक खातों में 4.13 लाख रुपये बैलेंस दिखाया गया।
बैंक खातों की जांच में खुलासा
सीबीआई द्वारा संजय कुमार चौधरी के बैंक खातों की जांच में खुलासा हुआ है कि उनकी कुल आय (दो वर्ष) में 38.85 लाख रुपये (सैलरी, एचयूएफ इनकम, ब्याज) मिलाकर होनी चाहिए। जबकि लोन व घर खर्च आदि पर मिलाकर 16.52 लाख रुपये कुल खर्च किया गया। उनकी आय में करीब 98 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।