संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। एससीईआरटी के जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) में मंगलवार को पीजीटी बायोलॉजी और टीजीटी साइंस शिक्षकों के दूसरे बैच के पांच दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का दूसरे दिन संपन्न हुआ। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी एवं डाइट प्रिंसिपल सुमिता रांगी ने किया। इसमें मंगलवार को प्रशिक्षण कार्यक्रम में 21वीं सदीं के कौशल और स्वास्थ्य एवं स्वच्छता विषयों पर बताया गया। ट्रेनिंग विंग इंचार्ज सोना यादव ने बताया कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति- 2020 में विद्यार्थियों के कौशलों को विकसित करने पर विशेष रूप से बल दिया गया है। कार्यक्रम में उषा रानी ने विद्यालय आधारित मूल्यांकन एवं समग्र विकास पत्र पर अपना व्याख्यान प्रस्तुत किया और इसके बारे में विस्तार पूर्वक समझाया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में डाइट के प्रभारी पृथ्वीराज, वरिष्ठ प्राध्यापक तखत सिंह चौहान, अरुण कुमार राघव, मुकेश शर्मा, बलविंदर कौर एवं अन्य स्टाफ सदस्यों का सहयोग है। एससीईआरटी हरियाणा के दिशा-निर्देशों के तहत यह प्रशिक्षण 17 से 21 अगस्त तक चलेगा।