गुरुग्राम।। जनप्रतिनिधियों की शैक्षिक योग्यता कैसी होनी चाहिए, इस मुद्दे पर शुक्रवार को राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय इमलोटा में आयोजित मंडल स्तरीय युवा संसद में चर्चा की गई। इसमें 50 विद्यार्थियों ने संसद सदस्यों की भूमिका निभाई और जनप्रतिनिधियों की शैक्षिक योग्यता से जुड़ा विधेयक पेश कर पारित किया। विद्यार्थियों ने संसदीय कार्यवाही का अभ्यास करते हुए अपने विचार रखे।
गुरुग्राम से पहुंचे पर्यवेक्षक आरके वत्स ने निरीक्षण किया। निर्णायक मंडल में कुलदीप सिंह और विनोद कुमार शामिल रहे। जिला शिक्षा अधिकारी एवं डायट प्रिंसिपल धर्मेंद्र चौधरी सहित अन्य अतिथियों ने विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, तर्कशक्ति और प्रस्तुति की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से विद्यार्थियों को लोकतंत्र और संसद की कार्यप्रणाली समझने का अवसर मिलता है। इस मौके पर बलजीत सिंह, नवीन धवन, सरपंच रामनिवास जांगड़ा, विद्यालय प्रभारी संजीता और डॉ. ओमप्रकाश सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकों और स्टाफ सदस्यों का विशेष योगदान रहा।