मंत्री ने किया सीवर-पानी, सड़क निर्माण और बूस्टिंग स्टेशन कार्यों का शिलान्यास
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। मंत्री राव नरबीर सिंह ने बुधवार को नगर निगम गुरुग्राम के सीवर-पानी, सड़क निर्माण और बूस्टिंग स्टेशन समेत अन्य कार्यों का शिलान्यास किया। इसके साथ ही मुल्लाहेड़ा और डूंडाहेड़ा गांवों में सीवर लाइन बिछाने के कार्य की आधारशिला रखी गई। परियोजना के पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों में गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था सुदृढ़ होगी। इसके बाद उन्होंने सेक्टर-21, 22 और 23 में स्थित बूस्टिंग स्टेशनों पर पानी की अतिरिक्त मोटर लगाने के कार्य का शिलान्यास किया।
इन क्षेत्रों में लंबे समय से जल संकट की स्थिति देखने को मिल रही थी, जिसे अब इस परियोजना के माध्यम से हल किया जाएगा। साथ ही सेक्टर-21 में सड़क निर्माण कार्य का शिलान्यास व जल पाइपलाइन बिछाने का कार्य शुरू किया गया। क्षेत्र में पुरानी सड़कें लंबे समय से क्षतिग्रस्त अवस्था में थीं, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता था। अब नई सड़क के निर्माण से इस समस्या का समाधान होगा और नागरिकों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी।
राव नरबीर सिंह ने कार्टरपुरी गांव में ट्यूबवेल नंबर-03 के पास स्थित बड़ी चौपाल के अतिरिक्त तल के निर्माण और नवीनीकरण कार्य की भी आधारशिला रखी गई। कार्यक्रम में पार्षद राकेश यादव, सेक्टर-22 आरडब्ल्यूए के प्रधान प्रमोद यादव, सेक्टर-22 मार्केट एसोसिएशन के प्रधान राकेश मलिक, सेक्टर-21 आरडब्ल्यूए के प्रधान प्रकाश लांबा, सेक्टर-22 बी आरडब्ल्यूए के सक्रिय सदस्य रणबीर सिंह तथा सेक्टर-22 बी के सामाजिक कार्यकर्ता सूबे सिंह यादव उपस्थित रहे।