लोगों का कहना- क्षेत्र में गंभीर बीमारियों के फैलने का बढ़ रहा है खतरा
संवाद न्यूज एजेंसी
मानेसर। दिल्ली-जयपुर हाईवे के पास आईएमटी चौक की सर्विस रोड पर ट्रैक्टर चालक टैंकर के माध्यम से दिनदहाड़े खुले में गंदा पानी डाल रहे हैं, जिससे इलाके में गंदगी फैल रही है और लोगों की परेशानी बढ़ रही है। यह पानी सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट व अन्य जगहों से निकला अपशिष्ट खाली जगह पर डाला जा रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि कई बार ट्रैक्टर वाले रात के समय भी खाली जगह पर गंदा पानी फेंककर चले जाते हैं। इसके चलते आसपास का क्षेत्र गंदा हो गया है। इस समस्या के कारण लगातार इलाके में गंभीर बीमारियों का खतरा मंडराने लग रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार निगम प्रशासन को इसकी जानकारी दी लेकिन अभी तक इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे सवाल उठ रहे हैं कि निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली सही ढंग से क्यों नहीं काम कर रही है।
इस समस्या को लेकर कार्रवाई कर रहे हैं लेकिन अब यह समस्या काफी हद तक कम हो गई है। इस मामले में कड़ी कार्रवाई की है और आगे भी किसी के साथ ऐसा करने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे, जिसमें एफआईआर दर्ज की जाएगी और भारी जुर्माना लगाया जाएगा। -
प्रदीप सिंह, आयुक्त, नगर निगम मानेसर